मंडी कॉलेज की जीत में पंडोह के खिलाड़ियों का जलवा
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। मंडी जनपद के पंडोह क्षेत्र के होनहार कबड्डी खिलाड़ी निखिल ठाकुर ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बलद्वाड़ा में आयोजित इंटर कॉलेज कबड्डी प्रतियोगिता में मंडी कॉलेज ने लगातार दूसरी बार विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, पंडोह के निखिल ठाकुर को लगातार दूसरी बार प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ हरफनमौला खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया। प्रतियोगिता के दौरान निखिल ने शानदार रेडिंग और दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सभी को प्रभावित किया। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के चलते उन्हें सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। इससे पहले पिछले वर्ष मंडी में आयोजित इंटर कॉलेज कबड्डी प्रतियोगिता में भी निखिल यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम लाल ठाकुर और सचिव नेत्र सिंह ठाकुर ने निखिल को इस उपलब्धि पर बधाई दी। निखिल खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा में कोच संजीव ठाकुर की देखरेख में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। पिछले दो वर्षों से पंडोह क्षेत्र के पांच खिलाड़ी मंडी कॉलेज की टीम का हिस्सा बनकर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।