पुराने हाईवे के नीचे बन रहे नए एनएच से हुआ धंसाव, वैकल्पिक मार्गों से गुजरा यातायात
संवाद न्यूज एजेंसीपधर (मंडी)। नेशनल हाईवे-154 (मंडी-पठानकोट मार्ग) पर शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे जिला मुख्यालय से लगभग 8 किमी दूर मैगल के पास सड़क का हिस्सा अचानक धंस गया। इसके चलते पूरे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। करीब 10 घंटे बाद शाम पांच बजे मार्ग को बहाल किया गया।
सड़क धंसने के बाद प्रशासन ने तुरंत एडवाइजरी जारी कर यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया। इस दौरान जोगिंद्रनगर से मंडी आने-जाने वाले वाहन घटासनी-झटिंगरी-डायनापार्क और कटिंडी-द्रंग मार्ग से गुजरे, जबकि गरलोग-साहल मार्ग भी वैकल्पिक रूप में उपयोग किया गया। कई यात्रियों को बीच रास्ते से लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर धंसाव हुआ, उसके ठीक नीचे 18 मीटर गहराई में नया एनएच निर्माणाधीन है, जिससे पुराने हाईवे की स्थिरता प्रभावित हुई। फोरलेन समन्वय समिति के अध्यक्ष चिंत राम ठाकुर ने निर्माण कार्य में लापरवाही और नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
वहीं एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए हाईवे बंद किया गया था और कंपनी को लगातार सुधार कार्य के निर्देश दिए जा रहे हैं। एनएचएआई के अनुसार धंसाव स्थल पर सुरक्षा कार्य तेज कर दिए गए हैं और नए हाईवे को जल्द खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
बॉक्स
अस्थायी रैंप भी बन रहे मुसीबत
लवांडी, द्रंग, माणा और कुन्नू क्षेत्र में बने अस्थायी रैंपों पर रोजाना जाम लगना आम हो गया है। अस्थायी रैंप सिंगल लेन व चढ़ाई पर होने के कारण यहां जाम लग रहा है। बारिश के दौरान कीचड़ में वाहन फंस रहे हैं। जबकि सूखे मौसम में उड़ने वाली धूल लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल रही है। बता दें कि बिजनी-नारला प्रोजेक्ट का कार्य इन दिनों अंतिम चरण पर चल रहा है। पुलों का कार्य पूरा होने के बाद डायवर्जन में बदलाव होगा।
बरसात से पहले शुरू होगा नया एनएच पर यातायात
मौजूदा स्थितियों को ध्यान में रखते हुए एनएचएआई ने बरसात से पहले नए एनएच को यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य रखा है। ताकि जाम व अन्य दिक्कतें पेश न आए। अधिकतर जगहों पर नए एनएच पर सफर शुरू हो गया है, लेकिन कुछ जगहों पर पुल का कार्य पूरा न होने से अभी अस्थायी रैंप पर आवाजाही हो रही है।