दवाड़ा फ्लाईओवर के नीचे चट्टानों को तोड़ती मशीन। संवाद
पंडोह (मंडी)। किरतपुर-मनाली फोरलेन पर मंडी से कुल्लू के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए रोजाना दो घंटे सुबह 11:00 से दोपहर 1:00 बजे तक यातायात रोककर मलबा व चट्टानें हटाई जा रही हैं। एनएच कई जगह पर एकतरफा होने से वोल्वो बसों व दोतरफा यातायात में दिक्कतें पेश आ रही हैं। चट्टानें व मलबा हटने के बाद इस मार्ग पर वोल्वों बसें भी फिर सुचारु रूप से दौड़ सकेंगी।
वैकल्पिक मार्ग वाया कटौला पर समय सलॉट के अनुसार मंडी से कुल्लू के बीच वाहनों की आवाजाही हो रही है। ट्रैफिक ब्लॉकेज के समय बड़े वाहनों को इंतजार करना पड़ रहा है। मंडी से कुल्लू के बीच झलोगी, खोतीनाला और डयोड क्षेत्रों में कुछ कार्य अभी बाकी हैं। विभाग की मशीनें इन क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। दवाड़ा फ्लाईओवर के नीचे मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है। कार्य में लगी कंपनी के श्याम सुंदर ने बताया कि फ्लाईओवर के पास भी दोनों तरफ से यातायात बहाल कर दिया जाएगा। इससे यात्रियों और क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि 27 सितंबर तक ट्रैफिक ब्लॉकेज दिया गया है। इस अवधि में सभी तंग जगहों से मलबा हटाने का लक्ष्य रखा गया है ताकि वाहनों की आवाजाही सुरक्षित व व्यवस्थित हो सके।