पंडोह (मंडी)। पंडोह डैम के पास 6 महीने पहले भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे 20 फरवरी तक बहाल होने की संभावना है। हाईवे की मरम्मत का कार्य इन दिनों अंतिम दौर में है। हाईवे को बहाल करने पर 30 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। हाईवे क्षतिग्रस्त होने के कारण यहां वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था, जिससे होकर पूरा यातायात गुजर रहा है, लेकिन अभी भी वाहन सही ढंग से क्राॅस नहीं हो पा रहे हैं। दो बड़े वाहन आमने-सामने आने की स्थिति में जाम लग जा रहा है, जिस कारण राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले समय में टूरिस्ट सीजन भी शुरू हो जाएगा । इस दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक मनाली का रुख करते हैं। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त हाईवे की मरम्मत का कार्य तेज गति के साथ किया जा रहा है। हालांकि बीच में पेमेंट न होने के कारण यह कार्य रुका भी और इस कारण इसमें थोड़ा विलंब भी हुआ है लेकिन पिछले कुछ दिनों से कार्य काफी तेज गति के साथ चला हुआ है। इस बारे में एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी ने बताया कि 20 फरवरी तक हाईवे की मरम्मत के कार्य को पूरा कर इसे बहाल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर चला हुआ है और हमें पूरी उम्मीद है कि 20 फरवरी तक हाईवे को बहाल कर दिया जाएगा।