मंडी। ऐतिहासिक पड्डल मैदान मंडी में खेली जा रही हिमाचल अंडर-15 ब्वाॅज यूथ लीग फुटबाल प्रतियोगिता में मंगलवार को विभिन्न टीमों में मुकाबले हुए। इसमें नादौन, बकलोह और ट्रायंफ एफसी मंडी की टीमों ने जीत हासिल की।
जिला फुटबाल संघ मंडी के कोषाध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने बताया कि मंगलवार को मदर प्राइड फुटबॉल अकादमी नादौन और डीएफए मंडी के बीच मुकाबला हुआ। इसमें प्राइड फुटबॉल अकादमी नादौन ने मंडी की टीम को 12-0 से पराजित किया। दूसरा मुकाबला शिवा शिवा एफसी और बकलोह फुटबाल क्लब के बीच खेला गया। इसमें बकलोह की टीम ने शिव एफसी को 4-0 से पराजित किया।
तीसरा मुकाबला डीएफए सोलन और ट्रायंफ एफसी मंडी के बीच खेला गया। इसमें ट्रायंफ एफसी मंडी ने सोलन की टीम को 15-1 से पराजित कर जीत हासिल की। उन्हाेंने बताया कि चार दिवसीय इस फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रदेशभर से कुल छह टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 30 मुकाबले होंगे। इनमें सबसे अधिक मैच जीतने वाली टीम को विजेता व उप विजेता के खिताब से नवाजा जाएगा। बुधवार दोपहर बाद उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन द्वारा प्रतियोगिता का समापन कर विजेता व उप विजेता टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा। संवाद