मंडी कॉलेज में बनाए स्ट्रांग रूम में मुस्तैद पुलिस जवान।
मंडी। नगर निगम मंडी के 14 वार्डों से 42 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है। बीते रविवार को नगर निगम मंडी में लगभग 69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। ईवीएम के माध्यम से हुए इस मतदान की मतगणना 31 मई को की जाएगी। करीब 14 दिन इन सभी ईवीएम को वल्लभ कॉलेज मंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखा गया है। डीसी सहित अन्य अधिकृत अधिकारी यहां समय-समय पर जाकर सारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ईवीएम मशीनों को दोहरे सुरक्षा घेरे में रखा गया है। अंदर रिजर्व पुलिस की तैनाती की गई है जबकि बाहर जिला पुलिस के जवान पहरा दे रहे हैं। हर आने-जाने वाले अधिकृत अधिकारी की एंट्री हो रही है। जहां पर ईवीएम रखी गई हैं वहां पर किसी को भी जाने की अनुमति नहीं है। वहां की लाइव फुटेज सीसीटीवी के माध्यम से दिखाई जा रही है। यदि किसी प्रत्याशी ने इसे देखना हो तो वह इसे देख सकता है।
डीसी अपूर्व देवगन ने बताया कि नगर निगम की सभी ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। इसके अलावा जिन शहरी निकायों में बीते रविवार को मतगणना हो चुकी है, वहां की ईवीएम मशीनों को भी सुरक्षा के बीच मंडी लाया जा रहा है। उन्हें भी स्ट्रांग रूम में आयोग के अगले आदेशों तक कड़ी सुरक्षा में रखा जाएगा। एएसपी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि आयोग के दिशा-निर्देशानुसार सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की गई है।