मंडी। अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर इस वर्ष नगर निगम की ओर से शहर के ऐतिहासिक एवं प्रमुख स्थलों, इंदिरा मार्केट, संकन गार्डन तथा आसपास के अन्य चयनित क्षेत्रों में वाॅल पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता महाशिवरात्रि की आध्यात्मिक चेतना, मंडी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक देवताओं की परंपरा तथा आधुनिक सृजनात्मक अभिव्यक्ति को दीवारों के माध्यम से जनमानस तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी।
प्रतियोगिता में 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा कलाकार भाग ले सकेंगे। प्रतिभागी 15 फरवरी सांय 5 बजे तक आवेदन अपने द्वारा बनाई गई कलाकृतियों के छायाचित्र ई-मेल पर भेज सकते हैं। आवेदनों की कलाकृतियों के छायाचित्र की विधिवत जांच, छंटनी उपरांत ही चयनित प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
प्रतियोगिता 17 फरवरी से आरंभ होकर 18 फरवरी को संपन्न होगी। शाॅर्ट लिस्ट किए गए प्रतिभागियों, टीमों को नगर निगम मंडी की ओर से ठहरने एवं भोजन की आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। चयनित प्रतिभागियों को उनकी उत्कृष्ट कला के लिए क्रमशः 21,000 रुपये, 10,000 रुपये, 7,000 रुपये के आकर्षक तीन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उधर, नगर निगम मंडी के आयुक्त रोहित राठौर ने बताया कि यह पहल न केवल युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगी बल्कि महाशिवरात्रि के 500 वर्षों के गौरवशाली इतिहास को रंगों और रेखाओं के माध्यम से अमर बनाने का सार्थक प्रयास भी सिद्ध होगा।