मंडी। जिले में पहली बार नगर निगम और तीन अन्य नगर परिषद शराब के ठेकों का संचालन करेंगे। सरकार के निर्णय के बाद नगर निकायों ने इस पर मंथन करना शुरू कर दिया है। शहरी क्षेत्रों के कुल 12 ठेकों का संचालन नगर निगम और नगर परिषद करेंगे। इनमें सात ठेकों का संचालन नगर निगम मंडी, सुंदरनगर और सरकाघाट नगर परिषद में दो-दो और नेरचौक नगर परिषद एक ठेके का संचालन करेगी।
जिले में 318 शराब के ठेकों में 66 ठेके अभी तक नहीं बिके हैं। इनमें 12 शहरी क्षेत्रों और 54 ग्रामीण इलाकों के हैं। ग्रामीण इलाकों के ठेकों के संचालन का जिम्मा सिविल सप्लाई कारपोरेशन और हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम को दिया गया है।
राज्य आबकारी एवं कराधान उपायुक्त मंडी वरुण कटोच ने बताया कि अभी तक नगर निगम मंडी की ओर से कोई आवेदन नहीं आया है। आवेदन आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। 30 अप्रैल से पहले शराब के ठेकों का आधार मूल्य पांच फीसदी चुकाना अनिवार्य है। संवाद