सुंदरनगर (मंडी)। रामनवमी के पावन अवसर पर बुधवार को सुंदरनगर और इसके आसपास के क्षेत्रों में समूचा परिवेश भगवान राम के भजनों से गूंज उठा। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भी राम नाम की धूम रही। देवालयों और मंदिरों में इस दौरान विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
महामाया मंदिर में रामनवमी के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त गोपाल मंदिर भोजपुर, शीतला माता मंदिर भौण, डोडेश्वर महादेव मंदिर ललित नगर, हनुमान मंदिर रेस्ट हाउस चौक, लक्ष्मी नारायण मंदिर, मुरारी माता मंदिर मुराराधार, बीबीएमबी कॉलोनी स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर, शीतला माता मंदिर और राम मंदिर कनैड में भी धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहर शंख ध्वनियों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों से गूंज उठा। लोगों ने मंदिरों में जाकर शीश नवाया और सुख समृद्धि की कामना करते हुए मन्नत मांगी। वहीं, सुकेत के देवता मेले में शिरकत करने वाले देवी-देवता के रामनवमी के दिन महामाया मंदिर में पहुंचने पर देवलुओं के लिए भी खानपान का प्रबंध किया गया। लोगों ने देवताओं के दर्शन करने व उन्हें विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में महामाया मंदिर और जवाहर पार्क में अपनी हाजिरी लगाई। संवाद