मंडी। जिला मुख्यालय के जेल रोड में मकान से 34 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ी महिला उमा देवी उर्फ मोमबत्ती पुलिस पूछताछ में चिट्टा तस्करी से खुद का कोई वास्ता होना नहीं बता रही है। उल्टा खुद को निर्दोष बताते हुए पुलिस पर ही झूठे मुकद्दमे बनाने का आरोप लगा रही है। चिट्टा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार महिला समेत अन्य दो युवकों को 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला मोमबत्ती ने पुलिस को ही उलझाने का काम किया है। हालांकि जांच को पुख्ता बनाने के लिए पुलिस आरोपियों की कॉल विवरण समेत अन्य जानकारी जुटा रही है। इसी के साथ चिट्टा खरीदने वालों की भी निगरानी कर रही है। पुलिस आरोपी महिला की वित्तीय लेन-देन की भी जांच करने जा रही है, ताकि काली कमाई से जुटाई संपत्ति को भी कब्जे में लिया जा सके। इसके लिए वित्तीय दस्तावेज पुलिस जुटा रही है। बार-बार चिट्टा तस्करी में पकड़े जाने पर अब पुलिस आरोपी महिला के खिलाफ ठोस कार्रवाई में जुटी हुई है।
बता दें कि आरोपी महिला पर चिट्टा तस्करी यह सातवां मामला है। जबकि उसके बेटे पर यह चौथा केस है। इस मामले में तीसरे आरोपी की भूमिका भी जांची जा रही है। अभी तक पुलिस पंजाब से ही चिट्टा लाया जाना मान रही है। इसे पुख्ता करने के लिए बैकवर्ड लिंक खंगाला जा रहा है। ताकि मामले की परतें खुल सकें और चेन को रोका जा सके। उधर, एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच की जा रही है। वित्तीय जांच के लिए भी वित्तीय दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं।