मंडी। मंडी कल्चरल एंड थियेटर जॉइंट फोरम संस्था की बैठक शनिवार को नगर निगम पार्षद एवं वरिष्ठ रंगकर्मी सरिता हांडा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें मंडी शहर के नौ प्रमुख सांस्कृतिक एवं थियेटर संगठनों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि मंडी शहर में कलाकारों की प्रस्तुतियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम और नियमित रिहर्सल के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध करवाने की मांग प्रशासन, नगर निगम, विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री एवं केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रालयों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाई जाएगी। फोरम के संयोजक कुलदीप गुलेरिया ने पिछली बैठक की कार्यवाही का विवरण प्रस्तुत किया तथा प्रस्तावित मांगों से सभी प्रतिनिधियों को अवगत करवाया। सभी संगठनों ने इस पहल पर अपनी सहमति जताई। वरिष्ठ रंगकर्मी रूप उपाध्याय ने बताया कि शीघ्र ही जॉइंट फोरम का पंजीकरण करवाया जाएगा।
रंगकर्मी सरिता हांडा ने कहा कि मंडी के कलाकारों और रंगकर्मियों को बेहतर मंच एवं रिहर्सल सुविधाएं उपलब्ध करवाना समय की आवश्यकता है। इसके लिए फोरम को संगठित और मजबूत बनाकर मांग को प्रभावी ढंग से उठाना होगा। बैठक में मांडव्य कला मंच के संस्थापक कुलदीप गुलेरिया, नव ज्योति कला मंच के सचिव जयकुमार, अंकुर कला मंच से सरिता हांडा, शाख संस्था से पुष्पराज, रामपाल मलिक, संजय सोनी, सबरंग कला मंच से सीता राम कश्यप, प्रयास कला परिषद से रूप उपाध्याय, राजेश कुमार और तपस नृत्य अकादमी से लतेश कुमार मौजूद रहे।