तिषु ठाकुर ने 23 गेंदों में नाबाद 52 रन की पारी खेली, पांच विकेट से दर्ज की जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। महाराजा लक्ष्मण सेन मेमोरियल (एमएलएसएम) कॉलेज सुंदरनगर ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में जीसी सरकाघाट कॉलेज को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। 20-20 ओवर के मुकाबले में एमएलएसएम कॉलेज ने 147 रन का लक्ष्य 18 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सरकाघाट कॉलेज ने निर्धारित 20 ओवर में 146 रन बनाए। अंशु शर्मा ने 47 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 54 रन की पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 29 गेंदों में 34 रन बनाए। एमएलएसएम कॉलेज की ओर से ओजस सिंह चौहान ने चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट लिए। अभिषेक ठाकुर और ओजस कश्यप ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमएलएसएम कॉलेज की टीम को तिषु ठाकुर ने शानदार बल्लेबाजी से जीत दिलाई। उन्होंने महज 23 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के लगाकर नाबाद 52 रन बनाए। आदर्श कंवर ने 31 गेंदों में 32 रन, जबकि अभिषेक ठाकुर ने 17 गेंदों में 22 रन का योगदान दिया। सरकाघाट कॉलेज की ओर से अमित ने दो विकेट लिए। इस जीत के साथ एमएलएसएम कॉलेज ने प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। अगले मुकाबले में टीम का सामना जीसी कुल्लू से होगा।