बेतरतीब कटिंग से कई स्थानों पर 100 मीटर तक जमीन में दरारें पड़ीं
डंपिंग साइट की उचित व्यवस्था न होने से मलबा खेतों को पहुंचा रहा नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने नारला से बिजनी मंडी फोरलेन निर्माण कार्य में बरती जा रही कथित अव्यवस्था और लापरवाही पर कड़ा रोष जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाईवे निर्माण के दौरान की गई बेतरतीब कटिंग के कारण कई स्थानों पर 100 मीटर तक जमीन में दरारें पड़ गई हैं। इसके अलावा मंदिरों को नुकसान पहुंचा है और डंपिंग साइट की उचित व्यवस्था न होने से मलबा खेतों को नुकसान पहुंचा रहा है। विधायक ने कहा कि भूस्खलन के खतरे के चलते कई ग्रामीणों को रातें तंबुओं में बितानी पड़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्रेनेज व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है, जबकि एंबुलेंस और संपर्क मार्ग बंद होने से ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई हैं। महेड़ गांव में मरीजों को पालकी के सहारे सड़क तक पहुंचाना पड़ रहा है, वहीं स्कूली बच्चों को 5-6 किलोमीटर पैदल चलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। रेन शेल्टर की सुविधा न होने के कारण यात्रियों को खुले आसमान के नीचे बसों का इंतजार करना पड़ता है। विधायक ने आरोप लगाया कि केंद्र से मिले करोड़ों रुपये का सही उपयोग नहीं हुआ है और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे ग्रामीणों को डराया-धमकाया जा रहा है। पूर्ण चंद ठाकुर ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री को पत्र भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाने तथा संबंधित कंपनी की देनदारियों पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो कार्यालय का घेराव और चक्का जाम किया जाएगा।