पधर (मंडी)। शिक्षा खंड द्रंग-द्वितीय के अंतर्गत आने वाले स्कूलों में दोपहर का भोजन योजना गंभीर संकट में पड़ गई है। गैस वितरण एजेंसी पधर की ओर से अपनाई जा रही नई प्रक्रिया के चलते स्कूलों को गैस सिलिंडर प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सैकड़ों बच्चों के लिए दोपहर का गर्म भोजन तैयार करना मुश्किल हो सकता है, जिससे सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम पोषण योजना प्रभावित होने की आशंका है।
इस समस्या को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ, शिक्षा खंड द्रंग-द्वितीय के शिष्टमंडल ने संघ के प्रधान नागेश कुमार की अगुवाई में उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) पधर और खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रधान नागेश कुमार ने बताया कि गैस एजेंसी की ओर से स्कूल प्रभारियों को अपने मोबाइल नंबर एजेंसी में पंजीकृत करवाने तथा ऑनलाइन गैस बुकिंग करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके बाद मोबाइल पर एसएमएस प्राप्त होने पर ही स्कूलों को गैस सिलिंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है।
शिक्षकों के सामने व्यावहारिक समस्या यह है कि अधिकांश शिक्षकों के मोबाइल नंबर पहले से ही उनके व्यक्तिगत घरेलू गैस कनेक्शन के साथ पंजीकृत हैं। ऐसे में तकनीकी कारणों से एक ही मोबाइल नंबर पर दो गैस कनेक्शनों का पंजीकरण नहीं हो पा रहा है।
इससे स्कूलों के लिए गैस सिलिंडर की बुकिंग और आपूर्ति प्रभावित हो रही है। प्राथमिक शिक्षक संघ ने एसडीएम से आग्रह किया है कि गैस एजेंसी पधर को पूर्व व्यवस्था के आधार पर स्कूलों को गैस सिलिंडर की आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था सुचारु रूप से जारी रह सके। संवाद