वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मचाया धमाल
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। राजकीय महाविद्यालय डैहर में द्वितीय वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह रविवार को मनाया गया। प्राचार्य डॉ. जेपी सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि की ओर से दीप प्रज्ज्वलन और छात्राओं की ओर से प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। सहायक प्रोफेसर सुनील कुमार ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक और खेलकूद के क्षेत्र में उपलब्धियों का ब्योरा साझा किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय और महाविद्यालय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में बीए प्रथम वर्ष की सरिता देवी प्रथम, इशिका कुमारी द्वितीय, प्रियंका कुमारी तृतीय आने पर सम्मानित किया गया। जबकि महाविद्यालय स्तर पर अंग्रेजी विषय में अक्षत पाठक और स्मृति शर्मा को प्रथम आने और राजनीति शास्त्र विषय में मनीष कुमार, हिंदी विषय में शिल्पा देवी, मोनिका वर्मा और सुषमा को बेहतरीन प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया गया। इसी तरह बीकॉम प्रथम वर्ष में दीक्षा प्रथम और पलक धीमान द्वितीय आने पर सम्मान दिया गया। बीए द्वितीय वर्ष में अनु देवी प्रथम, प्रियंका ठाकुर द्वितीय और आकांक्षा ठाकुर को तृतीय आने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सड़क सुरक्षा क्लब के मनीष कुमार, इको क्लब से निशा देवी, शिवानी, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई से अनु देवी को उनकी बेहतरीन सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।