मंडी। शहर के भूतनाथ बाजार में एक व्यापारी को व्हाट्सएप पर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) का लोगो लगा लिंक भेजकर साइबर ठगों ने 48,200 रुपये उड़ा लिए। हैप्पी हैंडलूम के मालिक हितेश वैद्य ने बताया कि शनिवार को उन्हें पीएनबी का लोगो लगा लिंक मिला। इसमें साइबर क्राइम से बचाव के उपाय बताए गए थे। यह लिंक काफी विश्वसनीय लग रहा था, इसलिए उन्होंने इसे कुछ दोस्तों को भी फॉरवर्ड कर दिया।
रविवार दोपहर को जब उनके फोन पर 48,200 रुपये के निकाले जाने का संदेश आया तो उन्होंने इसे फ्रॉड समझ कर नजरअंदाज कर दिया। मगर सोमवार को उनका फोन अचानक हैंग हो गया और अलग-अलग संदेश आने लगे। छुट्टी के दिन बैंक न जाकर मंगलवार को जब वे बैंक पहुंचे, तो पता चला कि उनके खाते में 48,212 रुपये में से 48,200 रुपये निकाल लिए गए थे।
हितेश वैद्य ने इसके बाद इसकी शिकायत साइबर थाना मंडी में की है। साइबर क्राइम थाना मंडी के एएसपी मनमोहन सिंह ने बताया कि जांच चल रही है और ठगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सलाह दी है कि किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी वैधता की पुष्टि करनी चाहिए और किसी भी संदिग्ध लिंक को अनदेखा करना चाहिए।
साइबर क्राइम से बचने के उपाय
- एसएमएस व व्हाट्सएप के माध्यम से आए किसी भी लिंक पर क्लिक न करें।
- किसी अनजान के साथ आधार नंबर, ई-मेल आईडी, सत्यापन कोड व अन्य किसी तरह की जानकारी साझा करें।
- फोन कॉल, एसएमएस या अन्य किसी माध्यम से ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम पिन और सीवीवी किसी के साथ भी शेयर न करें।
- किसी के भी कहने पर रिमोट एक्सेस एप जैसे क्यूक स्पोर्ट, एनी डेस्क, एंड्रायड आदि को प्ले स्टोर से डाउनलोड न करें । न ही इनके आईडी व पासवर्ड किसी से शेयर करें।
- फोन, ई-मेल, एसएमएस या व्हाट्सएप पर आए नौकरी, लाटरी जैसे विज्ञापनों पर विश्वास न करें।
- फोन और एप को हमेशा नए वर्जन के साथ अपडेट रखें। सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर जरूरत से ज्यादा निजी जानकारियां शेयर न करें।