दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतारें
जेसीबी और स्थानीय लोगों की मदद से बहाल हुआ यातायात
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। लगातार हो रही बारिश के बीच वीरवार को धर्मपुर-सरकाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर पाड़च्छू के समीप पहाड़ी से अचानक भारी-भरकम चट्टानें और मलबा सड़क पर आ गिरा। इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग करीब एक घंटे तक पूरी तरह बंद रहा। मार्ग अवरुद्ध होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौके पर मौजूद राकेश कुमार, सुनील कुमार, अनिल कुमार, ओम प्रकाश, विमला देवी और बबली देवी ने बताया कि भारी बारिश के बाद पहाड़ी से लगातार चट्टानें गिर रही थीं। कुछ ही देर में सड़क पर इतना मलबा जमा हो गया कि वाहनों का निकलना असंभव हो गया। इसके बाद जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सड़क पर गिरी चट्टानों तथा मलबे को हटाने का कार्य शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया। एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल ने बताया कि बरसात के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी रहती है। ऐसे में वाहन चालक विशेष सावधानी बरतें तथा मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें।