सुंदरनगर (मंडी)। जिला मंडी पुलिस के पीओ सेल की टीम ने एक उद्घोषित अपराधी को पंजाब के खरड़ से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ जिला न्यायालय मंडी के न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी कोर्ट नंबर-3 में आईपीसी की धारा 447, 425 और 34 के तहत अभियोग विचाराधीन था। इसमें न्यायालय की ओर से आरोपी को लगातार गैरहाजिर रहने पर उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया गया।
जिसे अब पीओ सेल टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आगामी कानूनी प्रक्रिया के लिए पीओ सेल टीम ने आरोपी को पुलिस थाना सदर के हवाले कर दिया है। पुलिस से जानकारी के अनुसार आरोपी कमल मल्होत्रा निवासी घर क्रमांक 242/13 गुरुद्वारा मोहल्ला पड्डल पुलिस थाना और तहसील सदर मंडी के खिलाफ वर्ष 2011 में पुलिस थाना सदर में आईपीसी की धारा 447, 425 और 34 के तहत एफआईआर दर्ज किया था।
आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस द्वारा चालान तैयार कर न्यायालय में पेश किया गया था। जहां न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी कोर्ट नंबर-3 के समक्ष विचाराधीन था। ट्रायल के दौरान आरोपी कोर्ट से लगातार गैर हाजिर रहा और इस पर न्यायालय द्वारा उसे 4 सितंबर 2023 में उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया गया। पीओ सेल मंडी टीम एचएचसी मोहिंद्र सैणी, कांस्टेबल विवेक भंगालिया और एलएचसी दिनेश चौधरी को आरोपी के बारे में खरड़ में मौजूद होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने आरोपी को पंजाब के खरड़ से गिरफ्तार किया है। उधर, एसपी मंडी सौम्या सांबशिवन ने कहा कि मामले में नियमानुसार जांच की जा रही है।