जोगिंद्रनगर (मंडी)। शहरी क्षेत्र में होम आइसोलेट कोरोना संक्रमितों के घरों से गारबेज (कूड़ा कचरा) न उठाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही प्रशासन ने ऑनलाइन बैठक बुलाकर नगर परिषद के अधिकारियों और पार्षदों से जवाब तलब किया है। वीरवार को एसडीएम अमित मेहरा ने ऑनलाइन बैठक कर नप के जिम्मेदार प्रतिनिधियों और कर्मियों को लताड़ लगाई है।
एसडीएम ने नगर परिषद को निर्देश दिए कि कोरोना संक्रमित परिवारों के घरों से कचरा उठाया जाए। नप के उपाध्यक्ष अजय धरवाल ने एसडीएम को मांग पत्र सौंपकर आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों को उपलब्ध करवाने का आह्वान किया ताकि कोरोना संक्रमित परिवारों को अधिक से अधिक सुविधा मुहैया करवाई जा सके। एक महीने में नगर परिषद क्षेत्र कोरोना संक्रमण की चपेट में आया है। ऐसा कोई भी वार्ड नहीं है, जहां पर कोरोना ने पांव नहीं पसारे हों।
नगर परिषद जोगिंद्रनगर में कोरोना बढ़ता जा रहा है। कुल सातों वार्डों में अभी तक करीब डेढ़ सौ कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। तीन की मौत हो चुकी है। उधर एसडीएम अमित मेहरा ने कहा कि कूड़ा उठाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। कर्मचारियों को आवश्यक सुविधाएं और सामान उपलब्ध करवाया जाएगा।
...
नगर परिषद की सफाई
नगर परिषद के सफाई निरीक्षक रविकांत ने बताया कि आवश्यक संसाधनों के अभाव के कारण संक्रमित परिवारों के घरों से कचरा उठाने में विलंब हुआ है। नगर परिषद अध्यक्ष ममता कपूर ने बताया कि अधिकांश वार्डों से कोरोना संक्रमित परिवारों के घरों से कचरा उठाया जा रहा है। जिन वार्डों में विलंब हुआ है वहां भी कचरा उठाया जाएगा।