मंडी में सेना भर्ती की परीक्षा रद्द करने का विरोध करते युवा।
- फोटो : Mandi
मंडी। केंद्र सरकार की ओर से पूर्व में की गई सेना भर्ती को रद्द करने से युवाओं का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को युवाओं ने एकत्रित होकर सेरी मंच पर धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की।
युवाओं ने बस स्टैंड तक रैली निकाली और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान शहर में जाम की समस्या भी पैदा हुई। करीब 20 मिनट तक शहर में जाम भी लगा। इस दौरान वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते रहे। युवाओं ने कहा कि अगर डेढ़ साल पहले हुई सेना भर्ती की लिखित परीक्षा नहीं करवाई तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
विश्वजीत और यशपाल शर्मा ने बताया कि युवाओं की मुख्य मांग है कि सेना भर्ती की शारीरिक परीक्षा डेढ़ साल पहले करवाई गई थी। उसकी लिखित परीक्षा जल्द से जल्द करवाई जाए। कहा कि कोरोना महामारी के चलते सेना भर्ती की लिखित परीक्षा नहीं हो पाई थी।
अब हालात सामान्य होने पर सेना भर्ती की लिखित परीक्षा जल्द करवाई जाए। उन्होंने कहा कि उन्हें अग्निपथ योजना से कोई लेना देना नहीं, वे सिर्फ सेना भर्ती की लिखित परीक्षा की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की लड़ाई में कोई उनका साथ नहीं दे रहा है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री मंडी जिले से संबंधित है लेकिन वह भी युवाओं की बात केंद्र के समक्ष नहीं रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर सेना भर्ती की लिखित परीक्षा को जल्द नहीं करवाया तो इसका खामियाजा प्रदेश सरकार को आगामी चुनाव में भुगतना पड़ेगा। संवाद