रिवालसर (मंडी)। मंडी-रिवालसर मार्ग पर घोड़ के समीप बुधवार दिनदहाड़े एक महिला के गले से स्कूटी सवार दो युवक सोने का मंगलसूत्र छीनकर ले गए। सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर एक आरोपी को धर दबोचा है। दूसरा फरार हो गया है।
पुलिस ने चेन स्नैचिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता घोड़ निवासी मनचली देवी ने बताया कि वह बस से उतरकर अपने घर जा रही थी। पीछे से स्कूटी सवार दो युवक आए और किसी बिट्टू नाम के व्यक्ति के बारे में पूछताछ करने लगे।
महिला ने कहा कि वह किसी बिट्टू नाम के व्यक्ति को नहीं जानती। इसी बीच जैसे ही महिला आगे चलने लगी तो स्कूटी सवार युवक ने गले का मंगलसूत्र छीन लिया। महिला ने तुरंत अपने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से इलाके की नाकाबंदी कर दी। स्कूटी सवार गजनोहा से पिपली रोड की तरफ भागे।
ग्रामीणों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों खखरियाना की ओर भाग निकले। ग्रामीणों ने उनका पीछा किया और एक आरोपी को दबोच लिया जबकि दूसरा फरार है। पकड़े गए युवक की पहचान गुरदेव निवासी पैलेस कॉलोनी मंडी के रूप में हुई है।
एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस मामले में जांच कर रही है। जल्द ही दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार होगा। दूूसरा आरोपी पंडोह का बताया जा रहा है। अभी मंगलसूत्र बरामद नहीं हुआ है। संवाद
000