नेरचौक (मंडी)। पुलिस ने नागचला के पास एक व्यक्ति के कब्जे से 2.88 किलोग्राम चरस बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को मंडी न्यायालय में पेश किया गया जहां से छह दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
बल्ह पुलिस का दल शनिवार दोपहर करीब दो बजे नागचला के पास गश्त पर था। इस दौरान नागचला फोरलेन से डडौर की तरफ जा रहे एक व्यक्ति ने पुलिस को देख कर तेज गति से चलना शुरू किया। व्यक्ति के व्यवहार को देखते हुए पुलिस ने उसका पीछा किया।
उसे शनि मंदिर के पास पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2.88 किलोग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान चित्र सिंह (42) गांव चोहट डाकघर बागाचनोगी तहसील थुनाग के रूप में हुई है। आरोपी मजदूरी का काम करता है। पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया है। संवाद