मंडी। पंडोह स्कूल में आयोजित जिलास्तरीय एथलेटिक्स एवं कल्चरल स्पर्धा में अंडर-14 बाल वर्ग के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। वोकल म्यूजिक, क्लासिकल म्यूजिक में किंग जॉर्ज पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल नेरचौक ने प्रथम स्थान हासिल किया।
महावीर पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सुंदरनगर द्वितीय स्थान पर रहा। समूहगान में महावीर पब्लिक स्कूल सुंदरनगर विजेता जबकि किंग जॉर्ज स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। वन एक्ट प्ले में कनैड स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में आर्यन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल करसोग प्रथम जबकि रैनगलू स्कूल द्वितीय रहा।
मैरामसीत स्कूल ने नृत्य में पहला स्थान पाया। कोटली स्कूल द्वितीय रहा। बेस्ट एथलीट का खिताब ध्रुव शर्मा ने जीता। ध्रुव ने 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, लांगजंप और शार्टपुट में कलखर स्कूल के लिए गोल्ड जीता। 100 और 200 मीटर दौड़ में सीनियर सेकेंडरी स्कूल पंडोह के युवराज ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 400 और 600 मीटर दौड़ में चौंतड़ा स्कूल के अरुण कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कोटली स्कूल के अजय कुमार ने 400 और 600 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
400 मीटर रिले रेस में चौंतड़ा स्कूल ने प्रथम जबकि पंडोह स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गरलोग स्कूल के साहिल ने लांग जंप में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। हाईजंप में टिकरू के वैभव ने प्रथम जबकि चौंतड़ा स्कूल के आर्यन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। डिस्कस थ्रो में टिकरु स्कूल के सक्षम ने गोल्ड जबकि चौंतड़ा स्कूल के आर्यन ठाकुर ने डिस्कस थ्रो में सिल्वर मेडल प्राप्त किया।
शुक्रवार को समापन अवसर पर खंड विकास अधिकारी सदर मंडी प्रियंका वर्मा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहीं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रधानाचार्य सुशील अरोड़ा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया। प्रतियोगिता में जिलेभर के 115 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। संवाद