मंडी। जिला भाषा एवं संस्कृति विभाग मंडी हिंदी भाषा के प्रचार प्रसार के लिए 31 अगस्त से 14 सितंबर तक हिंदी पखवाड़ा मनाएगा। इसमें हिंदी भाषा की महता और दैनिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग पर बल दिया जाएगा।
जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया ने बताया कि 6 सितंबर को उपायुक्त कार्यालय के डीआरडीए सभागार में स्कूली विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें भाषण, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी स्पर्धाएं शामिल रहेंगी।
कहा कि भाषण प्रतियोगिता का विषय आजादी का अमृत महोत्सव और हिंदी रखा गया है। निबंध लेखन का विषय राष्ट्रीय भाषा की भूमिका रहेगा। प्रश्नोत्तरी में सामान्य हिंदी साहित्य तथा हिंदी व्याकरण शामिल रहेगा। प्रत्येक प्रतियोगिता के विजेता तथा उपविजेताओं को 12 सितंबर को गेयटी थियेटर शिमला में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों से आग्रह किया है कि वे अपने स्कूल के 9वीं से 12वीं कक्षा तक के एक-एक विद्यार्थी (एक पाठशाला से तीन विद्यार्थी) के नाम 3 सितंबर तक जिला भाषा अधिकारी कार्यालय अथवा ई मेल के माध्यम से भिजवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला भाषा विभाग के कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है। संवाद