मंडी। सीटू ने आंगनबाड़ी केंद्रों को प्री नर्सरी स्कूल बनाने और मनरेगा मजदूरों को 350 रुपये मजदूरी देने की मांग उठाई है। इसके अलावा आउटसोर्स मजदूरों के लिए नीति बनाने, पक्का करने और पुरानी पेंशन योजना को लागू करने की भी मांग उठाई।
सीटू जिला कमेटी की बैठक मंडी में आयोजित हुई। इसमें राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर और राज्य महासचिव प्रेम गौतम विशेष तौर पर शामिल हुए। डॉ. कश्मीर सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार सरकारी और सार्वजनिक क्षेत्र के प्रतिष्ठानों को निजी क्षेत्र को कौड़ियों के भाव बेच रही है।
सरकार मजदूरों के हक के लिए बने श्रम कानूनों को बदल रही है। देश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है। मजदूरों की छंटनी की जा रही है।
सरकार ने स्थायी रोजगार की नीति को बदल कर ठेका प्रथा लागू कर दी है और आउटसोर्स आधार पर भर्ती की जा रही है। बैठक में सीटू से संबंधित सभी यूनियनों के जिला सम्मेलन आयोजित करने की समयसारिणी बनाई गई। रेहड़ी-फड़ी यूनियन का जिला सम्मेलन 29 मई को आयोजित होगा। मजदूर यूनियन का 5 जून को, आंगनबाड़ी यूनियन का 9 जुलाई को, मिड-डे मील यूनियन का 9 अगस्त तथा सीटू का जिला सम्मेलन 27 अगस्त को मंडी में आयोजित किया जाएगा।
राज्य सचिव प्रेम गौतम ने बताया कि सीटू का अगला राज्य सम्मेलन भी इस बार मंडी में 1, 2 अक्तूबर को आयोजित किया जाएगा। बैठक में राजेश शर्मा, रमेश गुलेरिया, गुरदास वर्मा, सरोज कुमारी आदि ने भाग लिया। संवाद