जोगिंद्रनगर (मंडी)। मजबूत इरादों और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। स्वस्थ तन मन होगा तो इरादे भी मजबूत होंगे। यह बात बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम में खेल प्रशिक्षक गोपाल ठाकुर ने कही।
एथलेटिक्स सेंटर जोगिंद्रनगर में अपराजिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने धाविकाओं से खुद की योग्यता को पहचान कर आगे बढ़ने का आह्वान किया। करीब एक घंटे तक चले इस कार्यक्रम में एथलेटिक्स सेंटर जोगिंद्रनगर की उन तमाम धाविकाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई जिन्होंने एथलेटिक्स खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीते हैं।
इस दौरान अपराजिता दौड़ का भी आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय स्तर की धाविकाएं दौड़ीं। भारत माता के जयघोष से देश की अखंडता और एकता का भी संदेश दिया। खेल प्रशिक्षक शालू ठाकुर ने अपराजिता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
...
बेटियों को अबला समझना संकीर्ण सोच
मौजूदा परिवेश में बेटियों को अबला मानना संकीर्ण सोच है। प्रत्येक लड़की में कोई न कोई योग्यता होती है सिर्फ उस योग्यता को पहचानने की आवश्यकता है। धरती से आकाश तक बेटियों का परचम लहलहा रहा है।
- शालू ठाकुर, एथलेटिक सेंटर खेल प्रशिक्षक
...
हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहीं बेटियां
अगर हमारा शरीर स्वस्थ होगा तो इरादे भी मजबूत होंगे। बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। एथलेटिक खेलों में लड़कियों ने कई मेडल जीते हैं। देश की बेटियों को अपने अंदर छिपे हुनर को खुलकर बाहर लाने की जरूरत है।
-आस्था, धाविका
...
गोल्ड मेडल जीतना है सपना
मैं अपराजिता बनकर ओलंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतना चाहती हूं। इसके लिए एथलेटिक सेंटर में बीते दस सालों से पसीना बहा रही हूं। कोच की ओर से बहुत ही बेहतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मैं स्वयं भी दिल लगाकर लक्ष्य के लिए जुटी हूं।
-तमन्ना, धाविका
...
बेटियों का शिक्षित होना जरूरी
आगे बढ़ने के लिए बेटियों का शिक्षित होना जरूरी है तभी वे अपने निर्धारित लक्ष्य में सफलता हासिल कर सकती है। एथलेटिक खेलों में प्रशिक्षण के साथ-साथ जोगिंद्रनगर महाविद्यालय में शिक्षा भी ग्रहण कर रही हूं।
-गंगा, धाविका
...
अपराजिता एक बेहतरीन मुहिम
अपराजिता एक बहुत ही सराहनीय मुहिम है। इस प्रकार के आयोजनों से देशभर की बेटियों को मजबूत होने की जानकारी मिल रही है। कार्यक्रम में बेटियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी मिली।
-अंजना, धाविका
000