मंडी-कुल्लू के बीच बनाला में पहाड़ी से एनच पर गिरे त्पत्थर। स्त्रोत- जागरूक पाठक
- फोटो : 1
पंडोह (मंडी)। बरसात में मंडी-कुल्लू हाईवे जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने के कारण कई जगह वनवे की स्थिति बनी हुई है। इसके चलते मंडी जिले में बिंद्रावनी से लेकर झीड़ी तक पुलिस विभाग और एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) की संयुक्त टीम ने हाईवे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडी से लेकर झीड़ी तक 13 वनवे पाॅइंट चिह्नित किए गए। इन्हें अब डबललेन किया जाएगा। निरीक्षण में पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा, एएसपी मंडी सचिन हिरेमठ, एनएचएआई के अधिकारी और फोरलेन निर्माण कार्य में लगी कंपनी और उनके ठेकेदार मौजूद रहे।
एनएचएआई ने इन वनवे पॉइंट को डबललेन करने के लिए हाईवे को दो घंटे बंद करने की अनुमति मांगी, जिसे पुलिस विभाग ने मंजूरी दे दी है। इसके तहत मंडी-कुल्लू हाईवे को हर दिन पूर्वाह्न 11 से दोपहर 1 बजे तक बंद रखा जाएगा, ताकि काम सुरक्षित और तेजी से पूरा किया जा सके।
एएसपी एलआर सचिन हिरेमठ ने बताया कि दो दिन शुक्रवार और शनिवार को ट्रायल आधार पर दिन के समय दो घंटे के लिए मंडी-कुल्लू मार्ग बाधित रहेगा। इस समयावधि में ट्रैफिक को सुरक्षित स्थानों पर मंडी की तरफ 9 मील फोरलेन, नागचला फोरलेन और कुल्लू की तरफ थलौट, पनारसा और झीड़ी फोरलेन में रोका जाएगा। छोटे वाहनों के लिए मंडी-कटौला-बजौरा मार्ग खुला रहेगा। पुलिस विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के अनुसार अपने यात्रा कार्यक्रम को समायोजित करें।
000