मंडी। प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मंडी जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में 29 नए विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के आदेश दिए हैं।
इन नियुक्तियों में मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, हड्डी रोग, रेडियोलॉजी, मनोरोग और अन्य विषय विशेषज्ञ शामिल हैं। एक सप्ताह पूर्व प्रदेश सरकार की ओर से मंडी जिलेभर के अस्पतालों के लिए 31 नए चिकित्सकों की तैनाती की गई थी लेकिन क्षेत्रीय अस्पताल मंडी को एक भी चिकित्सक नहीं मिला था।
अब अकेले क्षेत्रीय अस्पताल मंडी को चार विशेषज्ञ मिले हैं। करसोग, सराज के बगस्याड़ और सुंदरनगर को 3-3, जोगिंद्रनगर को 5 और गोहर अस्पताल को दो विशेषज्ञ मिले हैं। उधर, जोनल अस्पताल के एमएस डॉ.. दिनेश ठाकुर का कहना है कि पदभार संभालने के बाद बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। संवाद