मंडी बाल स्कूल में आयोजित अंडर 14 लड़कों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के शुभारंभ पर मार्च पास्ट
मंडी। बाल स्कूल मंडी में अंडर-14 बाल वर्ग की राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को हुआ। धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। जिला परिषद सदस्य चंपा ठाकुर विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता के पहले दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। बास्केटबाल का पहला मुकाबला किन्नौर और ऊना के बीच खेला गया। इसमें किन्नौर ने ऊना को 44-06 से अंतर से हराया। दूसरा मुकाबला सोलन और कांगड़ा के बीच खेला गया। इसमें कांगड़ा ने सोलन को एकतरफा 47-7 से हराया। तीसरा मुकाबला मंडी और कुल्लू के बीच खेला गया। इस मैच में मंडी ने कुल्लू को 65-08 से मात दी।
हॉकी का पहला मुकाबला ऊना और कांगड़ा के बीच खेला गया। ऊना ने 4-0 से कांगड़ा को मात दी। हैंडबाल का पहला मुकाबला बिलासपुर और कांगड़ा के बीच खेला गया। बिलासपुर ने 16-08 से कांगड़ा को हराया। दूसरा मैच चंबा और हमीरपुर के बीच खेला गया। इसमें हमीरपुर ने 14-07 से जीत हासिल की।
इससे पहले बाल स्कूल की प्रधानाचार्य जयश्री कपूर ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। राज्य निदेशालय के मीडिया प्रभारी चंचल सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों के लगभग 460 छात्र खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी। इस अवसर पर शिक्षा निदेशालय से प्रदीप शर्मा, शिक्षा विभाग से विजय चौधरी, रोहित परमार, विशाल शर्मा, चंदन कटोच आदि मौजूद रहे।