बिलासपुर में सेना पर कथित टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो ने फूंका मंत्री जगत सिंह नेगी का पुतला
भारतीय सेना को लेकर बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी की कथित टिप्पणी के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा जिला बिलासपुर ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया और बयान पर अपना विरोध जताया। प्रदर्शन में शामिल युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारतीय सेना देश की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है। सेना के जवान कठिन परिस्थितियों में सीमाओं की रक्षा करते हैं। ऐसे में उनके सम्मान से जुड़ी किसी भी टिप्पणी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
सार्वजनिक पद पर बैठे लोगों से मर्यादित बयान देने की मांग
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मंत्री की टिप्पणी को सेना के सम्मान से जुड़ा संवेदनशील मामला बताते हुए कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों को सेना के प्रति बयान देते समय मर्यादा और जिम्मेदारी का ध्यान रखना चाहिए।
पुतला जलाने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं में खींचतान
प्रदर्शन के दौरान जब युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला जलाया तो पुलिस जवानों ने उसे बचाने और बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को लेकर खींचतान हुई। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जारी रखा।