सुंदरनगर(मंडी)। सुंदरनगर पुलिस ने बुधवार सुबह करीब 10:00 बजे नियमित नाकाबंदी के दौरान पुंघ में बाइक चालक से 20 ग्राम चिट्टा व 18 हजार रुपये नकद बरामद किए। डीएसपी सुंदरनगर कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बुधवार को पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने पुंघ में नाकाबंदी के दौरान मंडी की ओर से आ रहे बाइक सवार को रोका और आवश्यक कागज मांगे। इस पर बाइक चालक टालमटोल करने लगा।
पुलिस ने जब बाइक की तलाशी ली तो उसमें 20 ग्राम चिट्टा व नकदी बरामद हुई। आरोपी की पहचान लखवीर सिंह खोखर (45) निवासी प्रीतनगर, जिला मोगा, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि मामले में जांच जारी है।