नेरचौक (मंडी) बल्ह घाटी के प्रमुख व्यापारिक कस्बा नेरचौक में बीती रात चोरों ने शटर उखाड़ कर करीब चार लाख रुपये की नकदी चुरा ली। दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हुई चोरी की यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर चोरों की धरपकड़ के लिए अभियान छेड़ दिया है।
नेरचौक बाजार में करतार ट्रेडर्स के मालिक करतार सिंह ने बताया कि मंगलवार को व्यस्तता के कारण उन्होंने बैंक में कैश जमा नहीं करवाया था। करीब साढ़े तीन लाख रुपये उन्होंने दुकान में ही रखे थे। चोरों ने शटर को बीच में लोहे की राड की मदद से उठा कर अंदर प्रवेश किया। सीसीटीवी कैमरे में सात से आठ चोर नजर आ रहे हैं। चोर दुकान से कैश चुरा कर भाग गए।
चोरों ने नेरचौक में ही रत्ती रोड पर गेजेट वर्ल्ड के शटर को भी लोहे की राड से उठा कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। गेजेट वर्ल्ड के मालिक राहुल के अनुसार वह रात करीब 11 बजे दुकान आया था लेकिन उस दौरान चोरों ने घटना को अंजाम नहीं दिया था। चोरों ने करीब 35 हजार रुपये चुराए हैं।
पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। जल्दी चोर गिरोह के सदस्यों को पकड़ लिया जाएगा।
-साक्षी वर्मा, पुलिस अधीक्षक मंडी