अस्पताल तैयार, सीएम आज करेंगे शुभारंभ
200 बेड के अस्पताल में हर बिस्तर पर ऑक्सीजन की सुविधा, 20 बेड बनाए आईसीयू
मंडी। कोरोना महामारी से जूझ रहे मंडीवासियों के लिए राहत भरी खबर है। कोविड संक्रमितों को अस्पताल में बिस्तर और ऑक्सीजन की सुविधा के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। जिला प्रशासन ने रिकार्ड दो हफ्ते में अत्याधुनिक ऑक्सीजनयुक्त 200 बिस्तरों वाले अस्थासी मेकशिफ्ट अस्पताल को तैयार कर लिया है। इसमें 20 बिस्तरों में आईसीयू की सुविधा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इस अस्पताल का 18 मई को शुभारंभ करेंगे। सीएम के निर्देशों के बाद चार मई को जिला प्रशासन ने मेकशिफ्ट अस्पताल खलियार का निर्माण शुरू किया था। अस्पताल में सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई की व्यवस्था की गई है। अग्नि सुरक्षा समेत तमाम सुविधाएं रोगियों केेेे मिलेंगी। सबसे अहम बात नेरचौक मेडिकल कॉलेज में कोविड संक्रमितों के कारण बढ़ रहा दबाव भी कम होगा। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि अस्पताल के अंदर मरीजों की सेवा और सुविधा के लिए सभी प्रकार की व्यवस्था की गई है। अंदरूनी प्रबंधन में सहयोग की आवश्यकता नहीं रहेगी लेकिन अस्पताल से जुड़े बाहर के कार्यों में जनता के सहयोग की आवश्यकता रहेगी।
..
मरीजों को मिलेगी यह सुविधाएं
मरीजों के लिए गर्म और ठंडा पेयजल, नहाने के गर्म और ठंडे पानी की सुविधा, तकनीक आधारित स्वचलित हैंड सैनिटाइजर, मनोरंजन के लिए टीवी, अखबार और मैगजीन, महिला और पुरुष मरीजों के लिए अलग अलग शौचालय, डॉक्टर और स्टाफ के लिए रहने की व्यवस्था, भोजन के उत्तम प्रबंध सहित पर्याप्त संख्या में कूलर और पंखे लगाए गए हैं।
...
इस तरह कर सकते हैं मदद
डीसी ने कहा कि अस्पताल के बाहरी कार्यों से जुड़े प्रबंधन में सहयोग के रूप में मुख्य तौर पर तीमारदारों के ठहरने के लिए भवन अथवा अन्य उपयुक्त सुविधा, भोजन व्यवस्था और यदि आपके पास अतिरिक्त वाहन है, तो उसे कुछ समय के लिए तीमारदारों की सेवा में लगाने सहित अन्य बाह्य कार्यों में हाथ बंटा कर प्रशासन का सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह मंडी जिले के लोग हमेशा प्रशासन का सहयोग करते रहे हैं, इस बार भी इस पुनीत कार्य में बढ़चढ़ कर भाग लेंगे।
...
यहां करें संपर्क
मदद करने के इच्छुक 7018030861 और 8894226207 पर संपर्क कर सकते हैं ताकि उनकी सेवाएं अस्पताल के बाहर के कार्य में ली जा सकें। एसडीएम सदर मंडी निवेदिता नेगी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
000
000