खुले में शव फेंकने से भड़के लोग, बीमारियों का खतरा
एसडीएम सदर बोले- मामला ध्यान में आया है, नियमानुसार होगी उचित कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। मंडी जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर पधर स्थित मैगल गोसदन एक बार फिर विवादों में घिर गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कथित तौर पर गोसदन से मृत गोवंश को घसीटकर पहाड़ी से नीचे फेंकते हुए देखा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों में भारी रोष है। ग्रामीण रमेश कुमार, जोगिंद्र सिंह, मान सिंह, बुद्धि सिंह और सुरेश कुमार ने आरोप लगाया कि मृत पशुओं का इस तरह खुले में निस्तारण करना पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ रही है।
मैगल गोसदन इससे पहले भी विवादों में रह चुका है। करीब पांच-छह महीने पहले गोसदन के समीप बहने वाले नाले से उठती दुर्गंध को लेकर ग्रामीणों ने शिकायतें दर्ज करवाई थीं। उस समय राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा था और मृत पशुओं के उचित निस्तारण को लेकर सवाल उठे थे।
विवाद बढ़ने के बाद गोसदन संचालक एमएल पटियाल ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि क्षेत्र में मृत पशुओं के निस्तारण के लिए स्थानीय स्तर पर कोई व्यक्ति उपलब्ध नहीं है, जिसके चलते सुंदरनगर के डैहर से लोगों को बुलाना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि मृत गोवंश का निस्तारण जेसीबी से गड्ढा खोदकर दफनाकर ही किया जाता है। वहीं, मामले को लेकर एसडीएम सदर चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है और नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।