मंडी। मैडम... वार्ड में सीवरेज और पानी की शिकायत करने पर कर्मचारी 10 दिन बाद आते हैं। इस दौरान भी वे न तो शिकायतकर्ता से मिलते हैं और न वजह जानते हैं। यह मुद्दा शनिवार को नगर निगम के वार्ड-11 समखेतर की वार्ड सभा में लोअर समखेतर के वरिष्ठ नागरिक रणवीर सिंह ने उठाया। उन्होंने बताया कि वार्ड में सीवरेज व्यवस्था सही न होने के कारण काफी दिक्कत आती है। वार्ड पार्षद निर्मल वर्मा की अध्यक्षता में टाउन हाल में हुई वार्ड सभा में लोगों ने आपदा के दौरान हुए नुकसान के मुद्दे को भी उठाया। क्षतिग्रस्त रास्तों और घरों के साथ डंगे न लगने पर लोगों ने चिंता जताई और वार्ड में बंदरों की समस्या को भी पार्षद के समक्ष रखा। बैठक में ई-परिवार रजिस्ट्रेशन करने को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। पार्षद ने वार्ड में सफाई को लेकर सभी लोगों से कूड़े का शुल्क लेने के निर्देश दिए गए। लोगों ने बताया कि कुछ किरायेदार कूड़े का शुल्क न देकर खुले में फेंक रहे हैं। ऐसे लोगों पर नजर रखने की जिम्मेदारी भी स्थानीय लोगों को दी गई। बैठक में दरमियाना मोहल्ले में नाले का चैनलाइजेशन करने, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन और गरीबी रेखा से नीचे रह रहे परिवारों के नाम को काटना और पात्र परिवारों को शामिल करने पर विमर्श किया गया। पार्षद निर्मल वर्मा ने कहा कि लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर हल करवाया जाएगा। फंड की कमी से विकास कार्यों को गति देने में दिक्कत आ रही है। बैठक में नगर निगम मंडी के सहायक अभियंता नरेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता अभय, सफाई निरीक्षक सतीश गुलेरिया और जीआईएस विशेषज्ञ दीपक मौजूद रहे।
शपथ से पहले मनोनीत पार्षद ने उठाई वार्ड की समस्याएं
समखेतर से मनोनीत किए पार्षद संजय शर्मा भी शपथ लेने से पहले सोशल मीडिया पर समखेतर वार्ड की समस्याओं को शेयर करते दिखे। उन्होंने दरमियाना में शौचालय के पास गली में टूटे जाले और वार्ड में नालियों में पसरी गंदगी को दुरुस्त करने की मांग उठाई। इस पर नेला वार्ड के पार्षद राजेंद्र मोहन ने प्रतिक्रिया देते कहा कि आप 5 बजे बाद पार्षद की शपथ लेने के बाद मनोनीत पार्षद हो जाएंगे, फिर आप खुद इन समस्याओं का निपटान कर सकेंगे। संजय शर्मा ने बताया कि उन्हें वार्ड सभा के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।