बरसात सिर पर लोगों को सत्ता रहा डर
विभाग से चढ़ाई को खत्म करवाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। लोक निर्माण विभाग मंडल पधर के तहत कमांद, टिहरी, पटोंस वाया कालंग सड़क का कार्य पूरा हो चुका है। कई जगह चढ़ाई होने के कारण सड़क का ग्रेड अच्छा नहीं बन पाया है। इस कारण सामान से लदी गाड़ियां चढ़ाई नहीं चढ़ पा रही हैं। कालंग गांव निवासी लाल सिंह, प्रेम सिंह, चंद्रमणी, रमेश, बीरी सिंह, दीनानाथ, रामसिंह, कूर्म देव, ज्योति प्रकाश सहित अन्य ने कहा कि पहले भी इस चढ़ाई का विरोध किया गया था लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। गांववासी खेतीबाड़ी का काम करते हैं और हर मौसम में सब्जियों और नकदी फसलों की पैदावार की जाती है लेकिन सड़क पर जरूरत से ज्यादा चढ़ाई होने से उसपर लदी गाड़ियों का चढ़ना और उतरना मुश्किल हो जाता है।
गांववासियों का कहना है कि सड़क लोगों की सुविधाओं के लिए होती है लेकिन इस सड़क का गांव वासियों के लिए कोई लाभ नहीं है। पहले सड़क का गांववासियों ने विरोध किया था कि चढ़ाई की वजह से सारा पानी गांव में आ रहा है। इससे गांव के लिए खतरा है। गांववासियों ने बताया कि पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर से भी बात की गई थी। उन्होंने आश्वासन दिया था कि इसके बारे में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से बात करूंगा और सड़क की चढ़ाई को सही करवाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पधर प्रदीप ठाकुर ने बताया कि सड़क अभी पास नहीं हुई है। लोगों के सामने सड़क को पास करवाएंगे। सड़क पर अधिक चढ़ाई नहीं है। अगर सड़क पर गाड़िया नहीं चढ़ पाएंगी तो उसका ग्रेड बनाया जाएगा जो विभाग देखेगा। सड़क जल्द सही करवाई जाएगी।