रिवालसर (मंडी)। नगर पंचायत रिवालसर नगर विक्रय समिति की बैठक का आयोजन रविवार को किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत सचिव विनोद कुमार ने की। बैठक में नगर मिशन प्रबंधक विशाल चंदेल बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। बैठक में स्थानीय रेहड़ी-फड़ी धारकों की विभिन्न समस्याओं और निदान के बारे में चर्चा की गई। नगर पंचायत सचिव ने कहा कि शीघ्र ही सभी रेहड़ी धारकों के लाइसेंस रिन्यू किए जाएंगे। जो युवा बेरोजगार एवं अपंग हैं उन्हीं को रेहड़ियां आवंटित की जाएंगी। कहा कि जिन लोगों ने क्षेत्र में अवैध तरीके से खोखे बनाए हैं, उनको शीघ्र इन खोखों को हटाने के लिए कहा जाएगा । उस स्थान पर अन्य बेरोजगार युवक को रोजगार दिया जाएगा। कहा कि बिना नगर पंचायत की अनुमति प्रमाण पत्र के कोई भी व्यक्ति क्षेत्र में अपनी रेहड़ी नहीं लगा सकता है जो बेरोजगार युवक रेहड़ी लगाना चाहता हैं वह नगर पंचायत की अनुमति मिलने पर अग्रिम राशि जमा करवा कर अपना रोजगार शुरू कर सकते हैं। सचिव ने बताया कि रेहड़ी उन्हीं को दी जाएगी जो इसके लिए पात्र होंगे। जिन लोगाें ने अवैध तरीके से एक से अधिक रेहड़ियां बिना अनुमति से लगाई हैं, उन रेहड़ियों को नगर पंचायत शीघ्र ही हटाकर लाभार्थियों को आवंटित करेगी और एक ही व्यक्ति को इसका लाभ दिया जायगा। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता गुप्ता, उपाध्यक्ष कश्मीर सिंह, सहित सभी नगर पंचायत प्रतिनिधि व सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।