जोगिंद्रनगर के गरोड़ू स्थित न्यू क्रिसेंट स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम के बाद
जोगिंद्रनगर (मंडी)। विद्यार्थी जीवन में नशे और सोशल मीडिया से दूर रहें। आपके हौंसलों में अगर उड़ान है, तो आप आसानी से अपनी मंजिल हासिल कर सकते हैं। अपने निर्धारित लक्ष्य की ओर निर्भीक कदम बढ़ाएं।
अपने किसी भी प्रकार के डर को पीछे छोड़ दें और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए कार्य करें। यह बात एसएचओ सकीनी कपूर ने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से गरोड़ू स्थित न्यू क्रिसेंट स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में कही।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि एसएचओ सकीनी कपूर ने विद्यार्थियों को सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किसी से डरने या घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि हिमाचल पुलिस 24 घंटे उनकी सेवा में तत्पर है। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर क्राइम और नशे के दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आजकल साइबर अपराध बहुत बढ़ रहे हैं। विशेषकर फर्जी आईडी बनाकर शातिर लोग इसका लाभ उठाते हैं।
ऐसे अपराधों से बचने के लिए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचना चाहिए। एसएचओ ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने की भी सलाह दी। एसएचओ ने 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों को सोशल मीडिया से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि फर्जी आईडी बना कर कई शातिर साइबर क्राइम को बढ़ावा दे रहे हैं, इसीलिए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी शेयर नहीं करनी चाहिए।
कार्यक्रम में स्कूल के प्रबंध निदेशक विजय शर्मा ने विद्यार्थियों को कानूनी प्रावधानों पर अद्यतन जानकारी देने का वादा किया। उन्होंने अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम में एसएचओ सकीनी कपूर और रोटेरियन अजय ठाकुर का आभार व्यक्त किया।