मंडी। जिला अदालत परिसर से वकीलों की कुर्सियां और टेबल हटाए जाने का मामला गरमाने लगा है। शनिवार को वकीलों ने बार एसोसिएशन के आह्वान पर जिलेभर की अदालतों का बहिष्कार जारी रखा। मंडी बार एसोसिएशन के आग्रह पर राज्यव्यापी बहिष्कार का असर पूरे प्रदेश में दिखा। सभी अदालतों में न्यायिक कार्य लगभग ठप रहा।
इससे लोगों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ी। वकीलों को उम्मीद है कि मामला प्रदेश उच्च न्यायालय के संज्ञान में है और वहां से अवश्य ही न्याय मिलेगा। मंडी बार एसोसिएशन के प्रधान दिनेश सकलानी ने कहा कि यदि इसी तरह से टकराव चलता रहा तो कानूनी न्याय लोगों को कहां मिल पाएगा।
बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यदि मामले का समाधान नहीं निकला तो सोमवार को वकील जिला सत्र न्यायाधीश की अदालत का भी बहिष्कार करेंगे जबकि अन्य अदालतों में कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा। उधर इसी मुद्दे को लेकर वकीलों ने बैठक कर निर्णय लिया कि जब तक टेबल, कुर्सियां अपनी मूल जगह पर वापस नहीं रखी जाती हैं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। संवाद