धर्मपुर उपमंडल के सतरेहड़ व मठी बनवार गांव में भूस्खलन का जायजा लेते एसडीएम किशोरी लाल।
- फोटो : अमर उजाला
धर्मपुर (मंडी)। एसडीएम धर्मपुर किशोरी लाल ने सतरेहड़ और मठी बनवार पहुंचकर यहां लगातार धंस रही जमीन का जायजा लिया और प्राथमिक पाठशाला मठी बनवार को तुरंत प्रभाव से सुरक्षित स्थान पर बदलने के आदेश जारी किए। एसडीएम ने कहा कि जब तक यहां स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, स्कूल को आंगनबाड़ी केंद्र में चलाया जाए। उन्होंने लोगों से हर समय सतर्क रहने को कहा। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता आरएस कालिया से बात की और तुरंत मठी बनवार मार्ग को बहाल करने के आदेश दिए।
मठी बनवार तक मार्ग बहाल किया जाए, ताकि लोगों को आने जाने में मुश्किलों का सामना न करना पड़े। पिछले कुछ दिनों से सतरेहड़ गांव में जमीन का धंसना शुरू हुआ है, जो निरंतर जारी है। सतरेहड़ में जमीन काफी धंस चुकी है तथा इससे जहां सतरेहड़ गांव को खतरा बना हुआ है वहीं मठी बनवार और धर्मपुर बाजार भी इसकी चपेट में है।
एसडीएम धर्मपुर किशोरी लाल स्वयं मौका पर जाकर लगातार स्थिति का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर ज्यादा खतरा दिखे तो तुरंत अपने मकानों से सुरक्षित स्थान की ओर निकल जाएं तथा प्रशासन को भी इसके बारे में सूचित करें। जमीन के धंसने की वजह से धर्मपुर मढ़ी संधोल वाया भरतपुर मार्ग भी पूरी तरह से बाधित हो गया है। जिसके कारण यहां से गाड़ियों की आवाजाही भी बंद है। उनके साथ भरौरी पंचायत के प्रधान विनोद शर्मा, वार्ड पंच हरि नंद, सुशील कुमार, पूर्व वार्ड पंच हंसराज, इंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।