पुलिस के अनुसार आरोपी के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि दंपति की शादी को 12 वर्ष हो गए हैं। शादी के तीन-चार वर्षों तक सब ठीक चलता रहा है, लेकिन उसके बाद उसका भाई अपनी पत्नी के साथ लगातार मारपीट करता था। बुधवार रात लगभग साढे़ आठ बजे आरोपी के घर से चिल्लाने की आवाजें आईं। वह मौके पर पहुंचा तो पाया कि उसका भाई अपनी पत्नी को बेरहमी से पीट रहा था।
शिकायतकर्ता ने भाई के चंगुल से भाभी को बचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद शिकायतकर्ता वापस घर आ गया। इसी बीच प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने पुलिस के पहुंचने से पहले किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला की हालत बिगड़ गई। जिसे पुलिस नागरिक अस्पताल सरकाघाट उपचार के लिए ले आई।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने महिला को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस बयान में शिकायतकर्ता और पीड़ित महिला के देवर ने कहा कि उसकी भाभी ने भाई की मारपीट से तंग आकर ही जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या करने की कोशिश की है। इधर, डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है।