राम पाल बाल्यानी ने संभाला कार्यभार
संवाद न्यूज एजेंसी
लडभड़ोल (मंडी)। तहसील लडभड़ोल में पिछले दो वर्षों से रिक्त चल रहे नायब तहसीलदार के पद पर राम पाल बाल्यानी ने विधिवत रूप से कार्यभार संभाल लिया है। लंबे समय से इस पद के खाली होने के कारण क्षेत्र के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब उनके पदभार ग्रहण करने से आम जनता ने राहत की सांस ली है।
पदभार संभालने के बाद राम पाल बाल्यानी ने बताया कि उनकी नियुक्ति सरकार की ओर से पुनर्नियोजन (री-एम्प्लॉयमेंट) के तहत की गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अब जनता को अपने प्रशासनिक और राजस्व कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। तहसील कार्यालय में लंबित पड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाएगा। विशेष रूप से इंतकाल, निशानदेही और तकसीम जैसे कई वर्षों से लंबित मामलों के निपटारे पर फोकस किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलाया कि आम जनता से जुड़े सभी दैनिक कार्यों को बिना किसी देरी के तेज और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें।