जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में सुरक्षा प्रबंधों की कमी से मरीज, तीमारदार, और अस्पताल का चिकित्सीय स्टाफ परेशान है। अस्पताल परिसर के चारों ओर सुरक्षा कर्मियों की कमी और रोगी वार्डों में अधूरे सुरक्षा प्रबंधों के कारण अनहोनी का खतरा बना हुआ है। कोलकाता में हाल की घटना के बावजूद सुरक्षा प्रबंधों में सुधार की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
अस्पताल में प्रतिदिन 300 से अधिक ओपीडी मरीज आते हैं, लेकिन सीसीटीवी कैमरों की स्थिति दयनीय है। कई सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हुए हैं, और जो चालू हैं, उनकी गुणवत्ता पर भी सवाल उठ चुके हैं। अस्पताल की बहुमंजिला इमारत को चार ब्लॉकों में बांटा गया है, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की तैनाती अपर्याप्त है। दोपहर के समय केवल चार सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, और रात के समय केवल दो सुरक्षाकर्मी रोगी वार्डों और आपात सेवाओं की निगरानी करते हैं। इनमें से एक सुरक्षा कर्मी मरीजों की पर्ची का भी जिम्मा उठाता है, जबकि अन्य सुरक्षा कर्मी पांच रोगी वार्डों की देखरेख करते हैं।
नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों की मांग
नागरिक अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों ने सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग कई बार की है। अस्पताल में स्वीकृत 19 चिकित्सकों में से केवल 11 चिकित्सक ही सेवाएं दे रहे हैं, और स्टाफ की संख्या भी लगभग 20 के आसपास है। अस्पताल की मैट्रन सोमा देवी ने बताया कि अगर सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो नर्सिंग स्टाफ को अपनी सेवाओं के दौरान बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी।
20 सुरक्षा कर्मियों की है जरूरत, 12 ही तैनात
नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के चारों और फैले परिसर में स्थापित बहुमंजिला भवन, रोगी वार्ड, चिकित्सकों की ओपीडी समेत मरीजों के सुविधाओं के लिए स्थापित संसाधनों की सुरक्षा में करीब 20 सुरक्षा कर्मियों की जरूरत है। लेकिन वर्तमान समय में केवल 12 ही सुरक्षाकर्मी जिम्मा संभाले हुए हैं।
नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में सुरक्षा के प्रबंधों में विस्तार करने को लेकर स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया जाएगा। 12 सुरक्षाकर्मी अस्पताल परिसर, रोगी वार्ड, चिकित्सकों की ओपीडी की सुरक्षा का जिम्मा उठाए हुए हैं। सीसीटीवी कैमरों में भी विस्तार करने की योजना तैयार की जाएगी। ताकि अस्पताल के सुरक्षा घेरा और भी मजबूत हो सके।
-डॉ. रोशन लाल कौंडल, एसएमओ, नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर।
जोगिंद्रनगर अस्पताल में ओपीडी के बाहर मुस्तैद सिक्योरिटी गार्ड। संवाद
जोगिंद्रनगर अस्पताल में ओपीडी के बाहर मुस्तैद सिक्योरिटी गार्ड। संवाद