सरकाघाट (मंडी)। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता डॉ. सीमा ठाकुर ने कहा कि सुखविंद्र सरकार के पास न बजट है और न ही विकास को लेकर कोई ठोस विजन। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता से खोखले वादे कर सिर्फ समय बिताने में लगी है। कहा कि सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की बात तो करती है, लेकिन जमीनी हालात इसके उलट हैं। सरकाघाट और बलद्वाड़ा अस्पतालों की नई इमारतों का निर्माण बजट के अभाव में अटका हुआ है।
सिविल अस्पताल सरकाघाट और बलद्वाड़ा अस्पताल में डॉक्टरों के पद रिक्त चल रहे हैं, जिससे मरीजों को नेरचौक मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर व एम्स बिलासपुर जैसे दूरस्थ अस्पतालों में जाना पड़ रहा है। उन्होंने एचआरटीसी सरकाघाट डिपो की बदहाल स्थिति का भी उल्लेख करते हुए बताया कि यहां आरएम और लगभग 40 ड्राइवरों के पद खाली हैं। बीडीओ गोपालपुर का पद भी कई महीनों से रिक्त पड़ा है। संवाद