ऑनलाइन बुकिंग के बाद ही मिलेगा गैस सिलिंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
डैहर (मंडी)। सुंदरनगर और डैहर क्षेत्र में घरेलू गैस कनेक्शन के लिए केवाईसी और दस्तावेज अपडेट करवाना अनिवार्य होने के बाद गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ गई है। प्रशासन के निर्देशों के बाद गैस वितरण व्यवस्था में सुधार तो हुआ है, लेकिन नई प्रक्रिया के कारण लोगों को एजेंसियों के चक्कर भी लगाने पड़ रहे हैं।
अब घरेलू गैस सिलिंडर केवल ऑनलाइन बुकिंग और केवाईसी अपडेट होने के बाद ही उपलब्ध कराया जा रहा है। बिना बुकिंग सिलिंडर नहीं मिलने से कई उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालांकि घर-घर गैस सिलिंडर पहुंचाने की सुविधा शुरू होने से लोगों को कुछ राहत भी मिली है।
जानकारी के अनुसार ऑनलाइन गैस बुकिंग की सुविधा सुबह सात से आठ बजे और शाम आठ बजे से रात 12 बजे तक उपलब्ध है। एक सिलिंडर मिलने के बाद दूसरा सिलिंडर 25 दिन बाद ही बुक किया जा सकेगा।
शीतला गैस एजेंसी के संचालक तेज सिंह चौधरी ने बताया कि गैस लेने के लिए केवाईसी और दस्तावेज अपडेट होना जरूरी है। ऑनलाइन बुकिंग के बाद डीएसी नंबर जारी कर होम डिलीवरी की व्यवस्था की गई है।