मंडी। पड्डल मैदान में खेली जा रही अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को पहला मैच डाइट मंडी और क्षत्रिय एकादश के बीच खेला गया।
डाइट मंडी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। डाइट मंडी की टीम बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 143 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसमें रोहित ने पांच चौके और दो छक्कों की मदद से शानदार अर्धशतक (61) लगाया। क्षत्रिय एकादश की ओर से गेंदबाजी करते हुए राजकुमार ने चार ओवर में दो और आदित्य ने दो ओवर में दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्षत्रिय एकादश की टीम ने 14 ओवरों में तीन विकेट खोकर 146 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। इसमें आशीष ने 41 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 54, गौरव ने 27 गेंदों में छह चौकों व एक छक्का लगाकर 43 रन बनाए। डाइट मंडी की ओर से नवीन ने चार ओवरों में 31 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
दूसरा मैच हेल्थ वाॅरियर्स और थंडर टाइटंस रंधाडा के बीच खेला गया। हेल्थ वाॅरियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया।बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 154 रन बनाए। इसमें डॉ. अर्जुन ने 34, सतीश ने 40 रन बनाए।
थंडर टाइटंस रंधाड़ा की ओर से गेंदबाजी करते हुए ईशान ने चार ओवरों में तीन विकेट लिए। बल्लेबाजी करने उतरी थंडर टाइटंस रंधाडा की टीम 17.1 ओवरों में 106 रन बनाकर आउट हो गई। इसमें मनवीर ने 22 और लक्की ने 18 रन बनाए। हेल्थ वाॅरियर्स ने 48 रन से मैच जीत लिया। संवाद