आईटीआई मंडी में दो दिवसीय संस्थान स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। राजकीय औद्योगिकी प्रशिक्षण संस्थान मंडी ग्रेड-ए में शुक्रवार को दो दिवसीय संस्थान स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। संस्थान के प्रधानाचार्य अजेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में 50 से अधिक खिलाड़ी छात्रों ने भाग लिया।
100 मीटर की दौड़ पड्डल मैदान में आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में फिटर ट्रेड के खीरामणि ने प्रथम, फिटर ट्रेड के निशांत ने द्वितीय, फिटर ट्रेड के तेज पाल ने तृतीय स्थान पाया। 200 मीटर दौड़ में इलेक्ट्रिशियन ट्रेड के संस्कार प्रथम, गौरव द्वितीय व अक्षय तृतीय स्थान पर रहे। वॉलीबाल के मुकाबले में पहला मैच भगत सिंह हाउस व सरदार पटेल हाउस के बीच खेला गया। इसमें भगत सिंह हाउस 2-0 से विजेता रहा। दूसरा मैच सुभाष हाउस और महात्मा गांधी हाउस के बीच खेला गया। सुभाष हाउस 2-1 से विजेता रहा। तीसरा मैच विवेकानंद हाउस व चंद्रशेखर हाउस के बीच खेला गया। इसमें विवेकानंद हाउस 2-0 से विजेता रहा।