द्रंग में माफिया राज और बदहाल सड़कों से जनता परेशान, कौल सिंह पर तय है हार की हैट्रिक
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। भाजपा परिवहन प्रकोष्ठ के सह संयोजक संजय ठाकुर ने पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह की राजनीतिक सक्रियता पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चार साल तक निष्क्रिय रहने के बाद अब चुनाव नजदीक आते ही वे सक्रियता का दिखावा कर रहे हैं।
प्रेस बयान में उन्होंने कौल सिंह को परिवारवाद छोड़कर किसी योग्य युवा को आगे लाने की नसीहत दी। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के परिवारवाद से युवाओं का मोहभंग हो रहा है और आगामी चुनावों में कौल सिंह की हार की हैट्रिक तय है।
द्रंग की बदहाल स्थिति पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में माफिया राज और अराजकता हावी है। सड़कें बदहाल हैं, स्कूलों में अध्यापकों और अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी है। हर घर नल योजना ठप है और बस सेवाएं भी बंद पड़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं और जनता कांग्रेस सरकार के कुशासन का जवाब आगामी चुनावों में देगी।