करसोग के भढेरा गांव में मकान जला।
- फोटो : संवाद
उपमंडल करसोग की ग्राम पंचायत थाच्छ थर्मी के भढेहल गांव में सोमवार रात करीब 10:30 बजे छह कमरों का दोमंजिला मकान आग लगने से जल गया। इससे करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मकान में सो रहे परिवार के सदस्यों ने भाग कर अपनी जान बचाई। यह मकान राम सिंह निवासी भढेहल का था। प्रत्यक्षदर्शी राम सिंह ने कहा कि रात को घर के नजदीक बिजली के खंभे से स्पार्किंग हुई। इससे निकली चिंगारी से मकान ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते पूरा मकान आग की चपेट में आ गया। उसने परिवार को जगाया और घर से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने फायर बिग्रेड की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जल कर राख हो गया था।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि रोजाना की तरह सभी सदस्य शाम को भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरे में सो गए थे। करीब 10:30 बजे मकान के समीप बिजली के खंभे में अचानक स्पार्किंग हुई। स्पार्किंग से निकली चिंगारी ने आग का रूप ले लिया। इससे मकान आग की चपेट में आ गया। मकान से आग की लपटें उठते देख आस पास के लोग पहुंच गए। आग ने प्रचंड रूप धारण कर लिया। अग्निकांड में मकान के भीतर रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलने पर अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि राम सिंह का कुछ दिन पूर्व ही हृदय का ऑपरेशन हुआ है। अब मकान जल जाने से उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नायब तहसीलदार करसोग राहुल शर्मा ने प्रभावित परिवार को 10 हजार रुपये फौरी राहत के रूप में प्रदान किए हैं। पटवारी की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।