एपीएमसी चेयरमैन ने सांसद पर साधा निशाना, दुर्व्यवहार पर मांगी माफी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। एपीएमसी मंडी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने सांसद कंगना रणौत पर जनसरोकारों की अनदेखी करने और व्यक्तिगत छवि चमकाने में व्यस्त रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में मंडी में हुई दिशा समिति की बैठक के दौरान सांसद का अधिकारियों के प्रति व्यवहार उचित नहीं था।
मंडी से जारी बयान में गुलेरिया ने कहा कि दिशा समिति की बैठक में सांसद का ध्यान विकास कार्यों और जनसमस्याओं की समीक्षा से अधिक कैमरों और राष्ट्रीय मीडिया में अपनी छवि को लेकर दिखाई दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक के दौरान सांसद बार-बार यह कहती नजर आईं कि वह राष्ट्रीय मीडिया और दिल्ली के पत्रकारों को क्या जवाब देंगी। गुलेरिया के अनुसार, इस दौरान मंडी की जनता के प्रति जवाबदेही का कोई उल्लेख नहीं किया गया। यदि सांसद को मंडी संसदीय क्षेत्र की वास्तव में चिंता है तो उन्हें अधिकारियों से उलझने के बजाय क्षेत्र का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुननी चाहिए और उनके समाधान के लिए प्रयास करने चाहिए। सवाल उठाया कि लोकसभा चुनाव जीतने के करीब दो वर्ष बाद सांसद ने संसदीय क्षेत्र के कितने विधानसभा क्षेत्रों और पंचायतों का दौरा किया है। यह भी आरोप लगाया कि सांसद ने बैठक के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने सांसद से कथित अशिष्ट आचरण के लिए प्रदेश की जनता और संबंधित अधिकारियों से माफी मांगने की मांग की।